झालावाड़ जिले के खानपुर निवासी नेशनल शूटर मोहम्मद हसनैन ने देहरादून में आयोजित जसपाल राणा नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में 2 गोल्ड मेडल जीते हैं। उन्होंने अपनी श्रेणी में 366 अंक हासिल कर यह उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे राजस्थान और झालावाड़ जिले का नाम रोशन हुआ। हसनैन का यह पहला राष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन नहीं है। इससे पहले उन्होंने देहरादून में हुई जोनल शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक और राजस्थान राइफल एसोसिएशन की राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। जयपुर में ले रहे ट्रेनिंग मोहम्मद हसनैन कई बार राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा इंदौर में आयोजित टीम ट्रायल्स में भाग लिया। अब उनका चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और पैरा ओलंपिक चयन प्रक्रिया के तीसरे एवं चौथे ट्रायल्स के लिए हुआ है। वर्तमान में हसनैन जयपुर में अंतरराष्ट्रीय कोच सचिन शेखावत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। हसनैन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।