कांग्रेस के 'संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान के तहत शुक्रवार, 24 अप्रैल को पोकरण विधानसभा क्षेत्र के फलसूंड में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन की अध्यक्षता राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पूरे जैसलमेर जिले के कार्यकर्ता व पदाधिकारी जुटे हैं और फलसूंड में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संगठन की जड़ों को और अधिक सशक्त करना व वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार करेंगे और आगामी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। फलसूंड को इस आयोजन के लिए विशेष रूप से सजाया गया है, जहाँ जिले भर से हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है। मंच पर नजर आएंगे दिग्गज नेता इस सम्मेलन में मारवाड़ और पश्चिमी राजस्थान के कई बड़े चेहरे एक साथ नजर आएंगे। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद, सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल और लोकसभा प्रत्याशी रहे करण सिंह उचियारड़ा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। साथ ही संगठन के जिला प्रभारी रामविलास चौधरी, विभिन्न क्षेत्रों के पूर्व विधायक, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला प्रमुख और अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष भी मंच साझा करेंगे। कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की रणनीति राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डोटासरा का यह दौरा जैसलमेर और पोकरण क्षेत्र में कांग्रेस की पकड़ को और मजबूत करेगा। अमरदीन फकीर ने बताया कि अग्रिम संगठनों और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सम्मेलन के जरिए कांग्रेस अपनी एकजुटता का संदेश देगी और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की योजना पर काम करेगी। दोपहर में शुरू होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।