उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा की टीम ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।राजस्व ग्राम भुवाणा के आराजी संख्या 883 पर रमेश डांगी द्वारा बिना किसी विधिक दस्तावेज के बनाई गई व्यावसायिक दुकानों को उपायुक्त के आदेश पर सील कर दिया गया। डांगी ने नोटिस के बावजूद मालिकाना हक के दस्तावेज पेश नहीं किए थे। इसी तरह भुवाणा के आराजी संख्या 2574 और 2575 पर नीतेश जैन द्वारा स्टे ऑर्डर की आड़ में किए जा रहे अवैध निर्माण (कमरे और स्विमिंग पूल) को भी टीम ने पकड़ा है। पटवारी की मौका पर्चा रिपोर्ट और गूगल इमेज से पुष्टि हुई कि स्टे के बावजूद वहां नया निर्माण कर सरकारी भूमि को खुर्द-बुर्द किया जा रहा था, जिस पर अब प्राधिकरण न्यायालय में अवमानना और संपत्ति सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित कर रहा है। वहीं, सुखेर के आराजी संख्या 1526 में एक होटल व्यवसायी द्वारा रिजर्व लैंड पर बनाई गई अवैध बाउंड्रीवॉल को भी निवासियों की शिकायतों के बाद हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई में भू-अभिलेख निरीक्षक राजेश मेहता, दूलीचन्द शर्मा, पटवारी दीपक जोशी और होमगार्ड का जाब्ता तैनात रहा।