सीएडी के मुख्य अभियंता संदीप माथुर ने शुक्रवार को बूंदी जिले में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विभागीय कार्यों में तेजी लाने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान बूंदी ब्रांच नहर और जावटी माइनर के चल रहे कार्यों का बारीकी से जायजा लिया गया। मुख्य अभियंता माथुर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगामी मानसून को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश माथुर ने आगामी मानसून के मद्देनजर अधिकारियों को विशेष रूप से अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले क्षेत्र के सभी ड्रेनों की सफाई का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर लिया जाए। नालों में मौजूद किसी भी अवरोध को तत्काल हटाया जाए। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ सीएडी के अधिशासी अभियंता अरविंद मीना और उपखंड स्तर के अन्य अभियंता भी मौजूद रहे।