दीपावली के मौके पर जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। सोमवार शाम ‘एक दीपक उपभोक्ता अधिकारों के नाम’ अभियान के तहत इंदोरिया गुरुकुल, देरवाला के स्टूडेंट्स ने दीप जलाए। दीपों से राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन का नंबर 1915 और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के 40 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में CPA-40 लिखा गया। अभियान के तहत पांच लाख लोगों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। दीपों से लिखा राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1915 शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में स्टूडेंट्स ने दीप जलाकर उपभोक्ता जागरूकता का संदेश दिया। दीपों से राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन का नंबर 1915 और CPA-40 लिखा गया। कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा मुख्य अतिथि रहे। इस पहल के जरिए लोगों को बताया गया कि खरीदारी के दौरान किसी तरह की समस्या आने पर राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है। अभियान का उद्देश्य आमजन को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और खरीदारी करते समय सावधानी बरतने के लिए प्रेरित करना है। खरीदारी के समय पक्का बिल जरूर लें जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता की शुरुआत रोजमर्रा की खरीदारी से होती है। प्रत्येक व्यक्ति को सामान खरीदते समय पक्का बिल जरूर लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि बिल खरीद का प्रमाण होता है। वस्तु की गुणवत्ता में कमी या किसी अन्य विवाद की स्थिति में शिकायत के निस्तारण में इससे मदद मिलती है। पक्का बिल लेने से व्यापार में पारदर्शिता बढ़ती है और उपभोक्ता के हितों की रक्षा होती है। पांच लाख लोगों को जागरूक करने का लक्ष्य अभियान के तहत पांच लाख लोगों को उपभोक्ता जागरूकता का संकल्प दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके जरिए लोगों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में स्टूडेंट्स की भागीदारी को खास महत्व दिया गया है, ताकि नई पीढ़ी उपभोक्ता अधिकारों को समझने के साथ यह जानकारी अपने परिवार और समाज तक भी पहुंचा सके। जागरूक नागरिकों से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझने वाला उपभोक्ता न केवल अपने हितों की रक्षा करता है, बल्कि जिम्मेदार और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी योगदान देता है। उन्होंने आमजन से खरीदारी के समय पक्का बिल लेने और दूसरे लोगों को भी उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करने की अपील की।