श्रीगंगानगर| शहर की खस्ताहाल सड़कों, पेयजल किल्लत और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर माकपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने एलएंडटी कंपनी की ओर से खोदी गई सड़कों का तुरंत निर्माण करवाने की मांग की। पुरानी आबादी में पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। चक 6-जी में मजदूर पर जानलेवा हमले के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय विधायक व अधिकारियों के बीच हुए विवाद की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई गई। सभा को संबोधित करते हुए कामरेड वीएस राणा, जिला सचिव वकील सिंह व दुर्गा स्वामी सहित अन्य वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। जिला प्रशासन ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, माकपा ने चेतावनी दी कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो संघर्ष तेज किया जाएगा।