करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र के डाबरा गांव स्थित क्षेत्रपाल धाम में एक लेपर्ड के हमले में कुत्ते की मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। सोमवार देर रात करीब 11 बजे लेपर्ड ने क्षेत्रपाल धाम के पास कुत्ते पर हमला किया। अचानक हुए इस हमले से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में लेपर्ड की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई। इस फुटेज से वन विभाग को घटना की पुष्टि करने में आसानी हुई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में वन कर्मियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में मृत कुत्ते को सुरक्षित तरीके से दफनाया गया। वन विभाग ने क्षेत्र में लेपर्ड की सक्रियता को देखते हुए निगरानी बढ़ाने की बात कही है। विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, बच्चों और पालतू जानवरों का विशेष ध्यान रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।