शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक सब्जी मंडी से सिणधरी सर्किल मुख्य मार्ग और हाइवे की सर्विस रोड पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा इस कदर बढ़ गया है कि पैदल चलना तो दूर, वाहन चालकों का निकलना भी दूभर हो गया है। नगर परिषद की उदासीनता और लापरवाह दुकानदारों ने आम जनता की जान को जोखिम में डाल दिया है। सिणधरी सर्किल के पास हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां हरा चारा बेचने वाले दुकानदार सड़क के नियम-कायदों को ताक पर रखकर सीधे सर्विस रोड पर ही चारा डाल देते हैं। चारे के लिए गाय, बैल और अन्य पशु बीच सड़क पर डेरा डाल लेते हैं। इसके कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और तेज रफ्तार हाइवे पर वाहन चालकों के लिए अचानक पशुओं से टकराने का खतरा बना रहता है।