अचानक सोकर उठे थे, झटका लगा और बच्ची का सिर आगे टकराया। मैंने देखा मेरे पति वहां नहीं थे। अपने 2 बच्चों के साथ पति को ढूंढ रही दिव्या ये कहते-कहते रोने लगी। बेटा बार-बार उनके आंसू पोंछ रहा है। वहीं, अपनी पत्नी को खो चुके जितेंद्र कहते हैं- टक्कर के बाद पत्नी सीट के पास फंस गई, मेरे सामने जल गई साहब मैं बचा नहीं सका… कहते-कहते अपने बेटे के साथ रोने लगे। दौसा के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले पैसेंजर्स की कहानी डराने वाली हैं। मंगलवार देर रात हुए हादसे में बस में सवार 40 लोगों में से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। चार लोग 10 घंटे बाद भी लापता है। सबसे पहले- हादसे की भयावहता को दिखाने वाली PHOTO केस 1: पुलिसवालों के हाथ-पैर जोड़े, मिन्नतें की, पति अब भी लापता हादसे में अपने पति दीपक को खो चुकी इंदौर की दिव्या कहती हैं- अचानक बस में झटका लगा, मेरी बच्ची का सिर बस में आगे की तरफ टकराया। पास में सो रहे पति को ढूंढने की कोशिश की तो वो नहीं मिले। बस में चीख-पुकार मची थी। बच्चे भी साथ थे, जैसे-तैसे लेकर नीचे उतरी, बहुत ढूंढा, लेकिन पति नहीं मिले। मुझे अस्पताल ले आए, मैं यहां पुलिस और प्रशासन से मिन्नतें करती रही कि मेरे पति को ढूंढ दो। मौके पर लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी कॉल भी किया। फायर ब्रिगेड जल्दी आ जाती तो सब लोग बच जाते। दिव्या का परिवार देहरादून घूमने गया था। इसके बाद ऋषिकेश गए थे और हरिद्वार होते हुए इंदौर लौट रहे थे। केस 2: सीट के नीचे फंसी पत्नी, मैं दौड़ता रहा, बचाने को चिल्लाता रहा इंदौर निवासी वन विभाग में ऑपरेटर जितेन्द्र पांडेय बताते हैं- मैं, पत्नी और बच्चा इस बस में सवार थे। हमारी सीट ड्राइवर के पीछे थी और बच्चा साइड वाली बर्थ पर सो रहा था। बहुत तेज आवाज और झटके के कारण नींद खुली। पत्नी प्रियंका सीट के नीचे फंसी थी। मैंने उसका हाथ पकड़ा और उसे निकालने की कोशिश की। बहुत खींचा, उसके पैर नीचे की तरफ फंस गए थे। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था, बच्चा भी साथ था। मैंने उतर कर दौड़ लगाई और घूम कर खिड़की वाली तरफ आया और प्रियंका को खींचना शुरू किया। तब भी वह बाहर नहीं निकल पा रही थी। इतने में बस में आग लग गई। जितेंद्र पांडे भी अपने परिवार के साथ हरिद्वार से इंदौर लौट रहे थे। साहब मेरी वाइफ मेरे सामने जिंदा जल गई। सर मैंने लोगों को बहुत कहा निकालो इसे कोई मदद करो। किसी ने मदद नहीं की। सब ही परेशान थे और घबराए हुए थे। मेरे सामने मेरी पत्नी चली गई। केस 3: आग लगने के बाद भाई का साथ छूटा इंदौर निवासी घीसूलाल ने बताया- हम तो सो रहे थे, अचानक हल्ला होने लगा। मैं तो बीच में फंस गया था। मेरे साथ एक और भाई दीपू था वो पता नहीं कहां है? जैसे ही आग लगी, लोग चिल्लाए कि भागो-भागो आग लग गई है। मैं जैसे-तैसे उतरकर भागा और अपनी जान बचाई। बस हमारे सामने ही पूरी तरह जल गई। करीब एक घंटे तक हम बस में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करते रहे। हादसे के दस घंटे बीत जाने के बाद भी मेरे भाई का पता नहीं लगा है। घीसूलाल हरिद्वार से इंदौर लौट रहे थे। केस 4: आंखों के सामने ही जल गई पत्नी ग्वालियर के चंद्रप्रकाश गुप्ता ने बताया- हम मंगलवार शाम को 5 बजे बैठे थे, रात को 3 बजे धमाके की आवाज आई। हम नीचे की बर्थ पर थे। अचानक चिल्लाने की आवाज आई बचाओ, बचाओ। हमें ये मालूम ही नहीं कि टैंकर से एक्सीडेंट हुआ। बस में धुआं ही धुआं हो गया था। मैं भी फंसा हुआ था और पत्नी निर्मला गुप्ता भी फंसी हुई थी। मुझे तो किसी ने हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया। मेरी पत्नी मेरे सामने ही जल गई, सामान जल गया। हम कुछ नहीं कर पाए। लोग भी मदद करने की हालत में नहीं थे। चंद्रप्रकाश अपनी पत्नी के साथ ऋषिकेश से इंदौर लौट रहे थे। …. हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान- बस-ट्रेलर भिड़े, 8 की मौत, 6 जिंदा जले:MLA बोले- इमरजेंसी गेट नहीं खुला; दावा- डिक्की में भरे थे सिगरेट के बॉक्स राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात बस-ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। एक्सीडेंट में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने से और 2 की सिर पर चोट लगने के कारण हुई है। एसपी ने बताया कि एक्सीडेंट कोलवा थाना क्षेत्र में हुआ है। बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी स्लीपर में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 40 पैसेंजर्स थे। पढ़ें पूरी खबर… बस में लोगों का मांस तक जल गया, हड्डियां बची:पैर पकड़कर पति को ढूंढने की गुहार लगाती रही पत्नी; देखिए दौसा बस अग्निकांड की तस्वीरें दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बस आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ गई। मिनटों में ही दोनों वाहनों में आग लग गई। बस में सो रहे यात्रियों में भगदड़ मच गई। लोग चिल्लाने लगे भागो-भागो आग लग गई है। जान बचाने के लिए लोग उतरकर भागने लगे, लेकिन कुछ लोग अंदर फंस गए। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पूरी खबर पढ़ें…