दौसा में तीन ग्राम विकास अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। तीनों अधिकारी 3-4 दिनों से मुख्यालय में बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल ने आदेश जारी किए। पंचायत समिति लवाण में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान और ग्राम पंचायत मुख्यालय से लगातार बिना सूचना अनुपस्थित रहने के मामले में यह कार्रवाई की गई। बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहे सीईओ बिरदी चंद गंगवाल ने बताया- 10 जुलाई को आयोजित समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायत जीरोता खुर्द के ग्राम विकास अधिकारी अंकित कुमार मीणा, ग्राम पंचायत पीपल्या चैनपुरा के वीडीओ प्रशांत शर्मा तथा ग्राम पंचायत ढिगारिया के वीडीओ सुभाष डाबोलिया बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर कराई गई जांच में तीनों अधिकारी करीब 3 से 4 दिनों से बिना सूचना मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए। पंचायत समिति महवा रहेगा मुख्यालय उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर तीनों ग्राम विकास अधिकारियों को राजस्थान सिविल सेवा नियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय पंचायत समिति महवा किया गया है। इसके अलावा ग्राम पंचायत रजवास के ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार मीणा, जो वर्तमान में कार्य व्यवस्था के तहत कार्यरत थे, उन्हें तत्काल प्रभाव से आदेशों की प्रतीक्षा में जिला परिषद मुख्यालय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।