दौसा कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. सौम्या झा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे सहित जिले के नेशनल एवं स्टेट हाइवे पर सड़क सुरक्षा, हादसों की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सुधारों की डिटेल समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के संबंध में तैयार की जा रही ऑडिट रिपोर्टों की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को समय पर स्पष्ट एवं पर्याप्त दिशा-निर्देश मिलना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जयपुर सहित विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए दाएं एवं बाएं मुड़ने के संकेतक निर्धारित दूरी पर लगाए जाएं, ताकि ड्राइवर भ्रमित न हों। कलेक्टर ने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर ऐसे पर्याप्त साइनेज बोर्ड एवं चेतावनी संकेत लगाए जाएं, जिनसे वाहन चालक सड़क पर वाहन रोकने, गलत लेन में चलने अथवा सड़क पर पार्किंग जैसी गलतियों से बच सकें। उन्होंने चिह्नित स्थानों पर सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए। ट्रक ड्राइवरों के लिए वाजिब दर पर खाने एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ऑफिस में देनी होगी रिपोर्ट उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को उपयुक्त स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने, खराब कैमरों एवं डिस्प्ले बोर्डों को दुरुस्त कराने और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑटोमेटिक चालान की मासिक रिपोर्ट नियमित रूप से कलेक्टर ऑफिस को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने गलत लेन में वाहन चलाने एवं हाईवे पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम की अध्यक्षता में समिति गठित कर हाईवे के आसपास संचालित अवैध ढाबों एवं शराब की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। एसडीएम करेंगे क्रॉस वेरिफिकेशन बैठक में जयपुर-आगरा हाईवे पर सड़क सुरक्षा के लिए चिन्हित बिंदुओं पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों का संबंधित एसडीएम से क्रॉस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी अस्पतालों में पीएम-राहत पोर्टल सक्रिय रखने, एम्बुलेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दौसा शहर की विभिन्न सड़कों पर बने अनाधिकृत कट एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने को भी कहा। 31 जुलाई तक दुरुस्त करेंगे व्यस्थाएं बैठक में एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर खराब कैमरों एवं डिस्प्ले बोर्डों को ठीक कराने का कार्य 31 जुलाई तक पूरे कर लिए जाएंगे। इमरजेंसी सहायता के लिए 1033 हेल्पलाइन के डिस्प्ले बोर्ड विभिन्न स्थानों पर लगाए जा चुके हैं। सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए साइनेज बोर्ड, स्पीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्य लगातार किए जा रहे हैं। बैठक में एसपी पीयूष दीक्षित, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, आरटीओ जगदीश अमरावत, डीटीओ संजीव भारद्वाज, एनआईसी प्रभारी वीके शर्मा, एनएचएआई व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।