दौसा जिले में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गया है। सोमवार रात जिलेभर में रुक-रुककर बारिश हुई। महवा, सिकराय, बांदीकुई, दौसा और लालसोट समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बांदीकुई में अब तक 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है। लगातार बारिश से तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस गिर गया है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। महवा, सिकराय समेत कई इलाकों में हुई बारिश बीती रात जिलेभर में रुक-रुककर बारिश होती रही। महवा और सिकराय क्षेत्र के कई गांवों में तेज बारिश हुई। वहीं बांदीकुई, दौसा और लालसोट इलाके में कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। बांदीकुई में रातभर चलता रहा बारिश का दौर बांदीकुई और आसपास के इलाकों में सोमवार से शुरू हुआ बारिश का दौर रातभर जारी रहा। सोमवार शाम कुछ समय के लिए बारिश रुकी, लेकिन रात करीब 8 बजे फिर शुरू हो गई और देर रात तक होती रही। बांदीकुई में अब तक कुल 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। 6 डिग्री गिरा तापमान लगातार बारिश का असर तापमान पर भी दिखा। जिले में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे पहले मौसम साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोग तेज गर्मी और उमस से परेशान थे। मौसम विभाग का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में है। इसके चलते राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं और मजबूत हो सकती हैं। विभाग के अनुसार मंगलवार को जयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इसका असर बुधवार को भी बना रहेगा। वहीं भरतपुर और जयपुर संभाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।