दौसा में एक पेट्रोल पंप पर कार सवार बदमाश टंकी फुल करवाने के बाद पैसे दिए बिना फरार हो गए। उन्हें रोकने की कोशिश में एक सेल्समैन करीब 100 मीटर तक कार के साथ घसीटता चला गया। इसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत ऐसी थी कि वह खुद उठ भी नहीं पा रहा था। बाद में साथी कर्मचारियों ने उसे उठाकर वहां से ले गए। घटना जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कांदोली गांव स्थित पेट्रोल पंप की है। 5 जुलाई की रात करीब 10:10 बजे कार सवार लोग वहां पहुंचे थे। मामले में पेट्रोल पंप संचालक ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना के चार दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इसके बाद गुरुवार को संचालक ने घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी किया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। फोटोज में देखें… यूपीआई से भुगतान की बात कहकर करता रहा बहानेबाजी पेट्रोल भरने के बाद कार चालक ने यूपीआई से भुगतान करने की बात कही। इस दौरान वह सेल्समैन को अलग-अलग बहाने बनाकर बातों में उलझाता रहा। इसी बीच पेट्रोल डालने वाली नोजल कार में ही लगी हुई थी। तभी चालक अचानक तेज रफ्तार से कार लेकर मौके से निकल गया और भुगतान किए बिना फरार हो गया। कार रोकने की कोशिश में सेल्समैन हुआ घायल इसी दौरान वहां मौजूद सेल्समैन ने उन्हें रोकने की कोशिश की और कार के पास पहुंच गया। आरोप है कि बदमाशों ने कार नहीं रोकी और उसे अपने साथ घसीटते हुए ले गए। करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटने के बाद वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारी और लोग मौके पर पहुंचे। घायल सेल्समैन दर्द से कराह रहा था और खुद खड़ा होने की हालत में भी नहीं था। इसके बाद उसके साथी उसे गोद में उठाकर वहां से ले गए और इलाज के लिए पहुंचाया। सीसीटीवी फुटेज सामने आया, पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए और जांच शुरू कर दी। मामले में पेट्रोल पंप संचालक ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना 5 जुलाई की है, लेकिन चार दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गुरुवार को संचालक ने घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी कर दिया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। सदर थाना प्रभारी मुकेश चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कार के नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस अन्य तकनीकी माध्यमों और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।