दौसा जिले के कई इलाकों में मंगलवार रात हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। 4 अप्रैल को दौसा में मौसम विभाग का येलो अलर्ट है। आंधी के साथ बारिश की संभावना है। तेज अंधड़ और बारिश का दौर मंगलवार शाम को मौसम में अचानक बदलाव के कारण आसमान में घने बादल छा गए। शाम ढलते ही तेज अंधड़ और बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिला मुख्यालय पर मध्यम बारिश का पानी बह निकला, जबकि अन्य इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने की संभावना है। इससे पहले 31 मार्च को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आगामी दिनों में भी रात और दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केन्द्र, जयपुर ने राज्य में बुधवार को भी 2 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। कल से एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, जिसका असर अप्रैल के शुरुआती दिनों तक बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 4 अप्रैल तक प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में हल्की बरसात हो सकती है।