जिला क्रिकेट संघ दौसा द्वारा कॉल्विन शील्ड सीनियर प्रतियोगिता के लिए टीम चयन प्रक्रिया के तहत मंगलवार को राजेश पायलट राजकीय स्टेडियम में ट्रायल आयोजित किया गया। सुबह 8 बजे शुरू हुए इस ट्रायल में जिले के कुल 43 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान खिलाड़ियों के दस्तावेजों की भी जांच की गई। 25 से होगी कॉल्विन शील्ड जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय ने बताया कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित कॉल्विन शील्ड प्रतियोगिता पहले 11 मई से प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे 25 मई से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा अब तक जिले के खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर दिए गए, लेकिन अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिल सका। इसी को देखते हुए इस बार टीम चयन में प्रोफेशनल खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही चयन से पहले खिलाड़ियों के नियमित मैच कराए जाएंगे, ताकि उनके प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ टीम का गठन किया जा सके। इस बार मजबूत टीम तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।