दौसा जिले के 12 स्कूलों में राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रदेश में चलाए जा रहे फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूस डे’ के तहत शिविर लगाया गया। इस दौरान ‘सुरक्षित स्थान, जहां सपनों को पंख मिलते हैं’ विषय पर न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, शिक्षा के अधिकार और सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक माहौल की जानकारी दी। सुरक्षित माहौल में शिक्षा हर बच्चे का अधिकार मुख्य कार्यक्रम इम्पल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित हुआ। इसमें जिला जज और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष केशव कौशिक ने संबोधित किया। उन्होंने कहा-हर बच्चे को सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिलने का अधिकार है। स्कूलों में सुरक्षित भवन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। शिविर में बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए भी प्रेरित किया गया। हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी न्यायाधीश केशव कौशिक ने विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सहायता 112, पुलिस सहायता 100, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय में बने ‘कोर्ट वाली दीदी’ सुझाव और शिकायत पेटिका के माध्यम से अपनी समस्याएं और सुझाव गोपनीय रूप से दर्ज कराने के लिए भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दौसा की ओर से बच्चों और उनके अभिभावकों को निशुल्क विधिक सहायता, परामर्श और आवश्यक कानूनी सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।