दौसा में गांधी तिराहा स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर बुजुर्ग महिला के बैग में ब्लेड से चीरा लगाकर 3 लाख 16 हजार 500 रुपए चोरी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई राशि में से 3 लाख रुपए बरामद किए हैं। एसपी कुंदन कंवरिया के निर्देश पर एएसपी शंकर लाल मीणा और डिप्टी एसपी कपिल गुप्ता के सुपरविजन में कोतवाली थाना इंचार्ज भगवान सहाय शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। प्लॉट बेचकर मिले थे रुपए पुलिस के अनुसार करौली जिले के नादौती थाना क्षेत्र के कैमरी निवासी शीला देवी ने 9 सितंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने जोशी की कोठी स्थित अपना प्लॉट बेचा था, जिसके बदले उन्हें 3 लाख 16 हजार 500 रुपए मिले थे। शंकर स्टेशनरी पर कागजात तैयार करवाने के बाद उन्होंने रुपए अपने बैग में रख लिए। दोपहर को गांधी तिराहा स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय अज्ञात चोरों ने उनके बैग पर ब्लेड से चीरा लगाकर नकदी पार कर ली। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की गई। जिसने घटनास्थल के आसपास की दुकानों और अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं बैंकों में रेकी करती और परिवादिनी का पीछा करती नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर एमपी के रामगढ़ क्षेत्र में जांच की। संदिग्ध महिलाओं की पहचान की गई। एमपी की रहने वाली हैं दोनों आरोपी पुलिस ने जिन दो महिलाओं को इस मामले में आरोपी बताया है, उनमें अंजलि सिसोदिया (26) निवासी गुलखेड़ी तथा काशो बाई उर्फ कस्तूरी (31) निवासी कड़िया सांसी, थाना बोड़ा, राजगढ़ एमपी शामिल हैं। पुलिस ने बरामद नकदी को जब्त कर लिया है।