सलूंबर जिले में रहस्यमयी बीमारी के प्रकोप से 8 मौतों और बिगड़े हालात को लेकर आज प्रभावित क्षेत्र में उदयपुर के पूर्व सांसद और उदयपुर देहात कांग्रेस के अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने दौरा किया। इस दौरान रघुवीर मीणा ने कहा- सड़कें ठीक होती तो बीमार बच्चों को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता। आज रघुवीर मीणा ने सलूंबर जिले के घाटा गांव, लालपुरा और आसपास के गांवों का दौरा किया। उन्होंने​ जिन बच्चों की मौत हुई, उनके घर जाकर शोक व्यक्त करते हुए परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि लसाड़िया और झल्लारा क्षेत्र में पिछले दिनों में 8 बच्चों की मौत हो गई है और उसके बाद से इन गांवों में रहने वाले परिवार डरा हुआ है और सब चिंतित है। रघुवीर मीणा ने दौरें के बाद अपने बयान में कहा कि यहां पर प्रशासन की टीमें लगातार दौरा कर रही है लेकिन न तो उनके पास पर्याप्त दवाईयां है और न जांच की व्यवस्था है। मीणा ने कहा- करीब एक दर्जन बच्चे सलूंबर और उदयपुर में भर्ती है, इलाके में कलेक्टर और एडीएम पहुंच गए लेकिन सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। उन्होंने कहा- मृत बच्चों के पीड़ित परिवारों को कोई आर्थिक सहायता अब तक नहीं दी गई है। पूर्व सांसद ने कहा- यहां रोड की स्थिति खराब है और इन सड़कों को कभी संभाला नहीं गया और अब जब अफसर आए तो गड्ढे भरे गए ताकि उनकी गाड़ियां आराम से निकल सके। उन्होंने कहा कि अगर रोड ठीक होते तो बीमार बच्चे समय पर अस्पताल पहुंच जाते और उनको उपचार मिल जाता। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने, क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, ग्रामीणों को अंधविश्वास से दूर रहकर सरकारी अस्पतालों में उपचार लेने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया। इस दौरान लसाड़िया प्रशासक रुपलाल मीणा, अग्गड प्रशासक भैरूलाल मीणा, कडुणी प्रशासक मनोज कुमार मीणा, ओवरा प्रशासक कमलेश मीणा, लसाड़िया मंडल अध्यक्ष कानाराम मीणा, हम्मीद मोहम्मद, नवलाराम मीणा, भगाराम मीणा, केसुलाल मीणा आदि मौजूद रहे। इनपुट : भैरूलाल आमेटा, लसाड़िया यह खबर भी पढ़े… राजस्थान में कैसे हुई 8 बच्चों की मौत ?:रात को खाना खाकर सोया, सुबह जान चली गई; घरवाले बोले- किसी और के साथ ऐसा नहीं हो (पूरी खबर पढ़े..)