डीग में श्रीकृष्ण लीला एवं भक्त चरित्रामृत महोत्सव में नरसी जी के चरित्र और नानी बाई के मायरे की लीला का मंचन किया गया। आज शाम 7:30 बजे भागवत भास्कर पंडित इन्द्रेश जी महाराज रासलीला मैदान पहुंचेंगे। श्री बृज लठावन धाम स्थानीय रामलीला महोत्सव समिति के तत्वावधान में हुए मंचन में भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों की मदद करने के प्रसंग दिखाए गए। मंचन के मुताबिक, नरसी जी बचपन से भगवान के भक्त थे और संतों के साथ सत्संग करते थे। भाभी के उलाहने से आहत होकर नरसी जी ने घर छोड़ दिया और वृंदावन पहुंचकर ठाकुरजी की लीलाओं के दर्शन किए। भगवान ने उनसे कहा कि सच्चे मन से पुकारने पर वे उनकी मदद के लिए आएंगे। इसके बाद नरसी जी की हुंडी और नानी बाई के मायरे का प्रसंग दिखाया गया। लीला में भगवान श्रीकृष्ण ने नरसी जी की लाज रखते हुए नानी बाई का भात भरा। ढाई घड़ी तक मोहरों की वर्षा का दृश्य भी दिखाया गया। कार्यक्रम में समिति के संरक्षक और लक्ष्मण मंदिर के महंत पंडित मुरारी लाल पाराशर, गौरीशंकर पाराशर, प्रकाश पाराशर, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी, सभासद हरेन्द्र सिंह खग्गू और पूर्व भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र खंडेलवाल मौजूद रहे। आज इन्द्रेश जी महाराज प्रवचन देंगे। समिति के संयोजक इन्द्रमोहन शर्मा, पंकज पाराशर और काव्य पाराशर तन्नू ने बताया कि उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।