डीग-भरतपुर मार्ग पर एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 8 बजे एक मारुति वैन बेकाबू होकर सड़क पर बने गेट से जा टकराई, जिससे ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल डीग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामनरेश मीणा ने बताया कि मृतक की पहचान डीग निवासी दीपक (18) पुत्र आनंद स्वरूप कोली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपक वैन चला रहा था और इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गेट से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे में गाड़ी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक हाट-बाजारों में रेडीमेड कपड़े बेचने का कार्य करता था। गुरुवार को वह कामां में हाट लगने के बाद वापस लौट रहा था। हालांकि, वह भरतपुर रोड की ओर क्यों गया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।