डीग जिले के बृज नगर-अलवर मार्ग पर 2 बसों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह घटना बृज नगर थाना क्षेत्र के गांव चिरावल गुर्जर के पास हुई। नगर थाना प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि हैवेल्स कंपनी की एक बस बृज नगर से अलवर जा रही थी। तभी सामने से आ रही विजय ट्रेवल्स की बस ने, जो अलवर से आगरा की ओर जा रही थी, एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर कंट्रोल खो बैठा और दोनों बसें आपस में टकरा गईं। दोनों बसों की आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल यात्रियों को बसों से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर बृजनगर पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार 2 घायलों की स्थिति गंभीर थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। शेष चार घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।