डीग जिले में दीपावली से पहले नगरीय क्षेत्रों की सफाई, रोशनी और बाजारों की सजावट की तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को बैठक में नगर परिषद डीग सहित कुम्हेर, बृजनगर, कामां, सीकरी और पहाड़ी नगरीय निकायों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, रात्रिकालीन सफाई शुरू करने और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य बाजारों, चौराहों और गलियों में झालर व रोशनी की व्यवस्था करने, सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट सुनिश्चित करने तथा सड़कों और नालियों की मरम्मत कराने को भी कहा। बैठक में ई-लाइब्रेरी, वेस्ट टू वेल्थ पार्क और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा हुई। बृजनगर में 10 कंप्यूटर वाली ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन हो चुका है, जबकि डीग में वेस्ट टू वेल्थ पार्क का कार्य पूरा हो गया है। कलेक्टर ने पार्कों के विकास के लिए निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर जोर दिया।