दशहरे और दीपावली त्योहारों से पहले डीग जिले के नगरीय क्षेत्रों में सफाई और रोशनी की व्यवस्था बेहतर की जा रही है। कलेक्टर मयंक मनीष के निर्देश पर डीग, पहाड़ी, सीकरी और कुम्हेर सहित कई नगरीय निकायों में काम शुरू हो गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाने, सजावट और प्रमुख जगहों पर अच्छी रोशनी व्यवस्था करने को कहा है। व्यावसायिक इलाकों में रात में सफाई शुरू करने और जरूरत के हिसाब से कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर है। नगर परिषद डीग के आयुक्त कुलदीप सिंह ने बताया कि मुख्य बाजारों, चौराहों को सजाने, गलियों में झालर लगाने और एलईडी लाइट से रोशनी बेहतर करने के निर्देश हैं। सड़कों की मरम्मत और नालियों को भी ठीक करने को कहा गया। त्योहारों में भीड़ बढ़ने के कारण साफ-सफाई और रोशनी पर खास ध्यान है। अधिकारियों को अपने वार्डों का नियमित निरीक्षण कर इन कामों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।