डीग जिला कलेक्ट्रेट में मूलभूत सुविधाओं का अभाव सामने आया है। प्रदेश में सुशासन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं के दावों के बावजूद, कलेक्ट्रेट परिसर की बदहाल स्थिति अधिकारी, कर्मचारी और आमजन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। कलेक्टर कार्यालय के ऊपरी तल पर स्थित शौचालय का मुख्य गेट गायब है। भूतल पर बने शौचालयों में भी गंदगी पसरी हुई है और कई दरवाजे टूटे हुए हैं। इस स्थिति से विशेष रूप से महिला कर्मचारियों और कार्यालय आने वाली महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिला कलेक्टर (डीएम) चेंबर के बाहर आमजन के लिए रखी गई कई कुर्सियां टूटी हुई मिलीं। एक कुर्सी को तो ईंट के सहारे किसी तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। इन कुर्सियों के नीचे आवारा कुत्तों के बैठे रहने से भी लोगों में नाराजगी है। कलेक्ट्रेट आने वाले नागरिकों ने कहा कि जिला मुख्यालय पर ऐसी स्थिति प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है। इस संबंध में जिला कलेक्ट्रेट के अकाउंट ऑफिसर के.के. शर्मा ने बताया कि डीग एक नया जिला होने के कारण कलेक्ट्रेट के रखरखाव के लिए पर्याप्त बजट अभी तक उपलब्ध नहीं हो पाया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शौचालयों के टूटे हुए दरवाजों सहित अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।