डीग जिले के जनूथर कस्बे में सोमवार को ग्रामीणों ने 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के तहत एक जन जागरूकता रैली निकाली। यह रैली गौ हत्या पर रोक लगाने, गाय के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने और गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने की मांग को लेकर आयोजित की गई थी। रैली कस्बे के भूतेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। इसमें स्थानीय गौ सेवक दल के सदस्यों सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। रैली में शामिल गौ सेवकों ने 'गौ हत्या पर रोक लगाओ', 'पंचगव्य प्रणाली अपनाओ', 'गौ सेवा सबसे बड़ी सेवा' और 'गाय बचेगी, संस्कृति बचेगी' जैसे नारे लिखी तख्तियां थाम रखी थीं। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी गौ सेवा के प्रति उनके अटूट समर्पण को दर्शाती है। रैली के समापन पर गौ सेवकों ने तहसीलदार रामस्वरूप मीणा को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा दिए जाने की प्रमुख मांग की गई है।