डीग जिले की कुम्हेर थाना पुलिस ने रारह गांव में एक होटल संचालक से मारपीट, होटल में तोड़फोड़ और नकदी चोरी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक यह घटना 17 जून 2026 को रारह स्थित खाटूश्याम होटल पर हुई थी। कुछ अज्ञात लोगों ने होटल संचालक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने होटल में तोड़फोड़ की, गल्ले से नकदी चोरी की और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैलाई। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रतिपाल उर्फ लुक्का, कृष्णा कुंतल उर्फ आशु, नरेंद्र उर्फ मूला, देवेंद्र उर्फ योगी (योगेश) और प्रताप सिंह उर्फ बादशाह को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी रारह गांव के निवासी हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तार आरोपियों के शरीर पर मौजूद चोटें घटना के दौरान हुए आपसी पथराव और गिरने के कारण पहले से लगी हुई हैं।