डीग के कामां थाना क्षेत्र के ग्राम लुहेसर में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में 7 अवैध हथियार, बड़ी मात्रा में बने और अधबने हथियार, हथियार बनाने की मशीनें व उपकरण बरामद हुए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई सालों से संगठित तरीके से अवैध हथियार बनाकर बेचने की बात स्वीकार की है, जबकि नेटवर्क का एक अन्य आरोपी फरार है। एसपी के निर्देश पर संयुक्त कार्रवाई डीग पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कामां थाना पुलिस, जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और क्यूआरटी ने संयुक्त कार्रवाई की। 14 जुलाई को डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेन्द्र को सूचना मिली थी कि ग्राम लुहेसर स्थित इन्ताज पुत्र साब खां के मकान में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। दो आरोपी गिरफ्तार, 7 अवैध हथियार बरामद कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकसूद (42) पुत्र नसरु और इन्ताज (35) पुत्र साब खां, दोनों निवासी लुहेसर, थाना कामां को गिरफ्तार किया। तलाशी में कुल 7 अवैध हथियार बरामद हुए। इनमें 12 बोर और .315 बोर की सिंगल बंदूकें, एक .315 बोर पौना, दो टोपीदार बंदूकें तथा अन्य हथियार शामिल हैं। मशीनें और हथियार बनाने का सामान जब्त मौके से हथियार निर्माण में प्रयुक्त ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, छेद करने की मशीन, रेती, हथौड़ी, छैनी, पिलास, चाकू, बैरल, लकड़ी के बट तथा बड़ी संख्या में लोहे के कलपुर्जे भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी उपकरण और सामग्री जब्त कर ली है। पूछताछ में खुला संगठित नेटवर्क प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से मम्मन उर्फ मम्मनदीन निवासी मुसेपुर के साथ मिलकर अवैध हथियार बनाने और बेचने का संगठित कारोबार चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी मम्मन हथियार निर्माण के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराता था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इन धाराओं में मामला दर्ज पुलिस ने कामां थाने में प्रकरण संख्या 374/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25(6), 5/25 तथा बीएनएस की धारा 111(2)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।