डीग शहर कोतवाली में मंगलवार को भरतपुर रेंज की आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। यह जनसुनवाई दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चली, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। आईजी ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर तत्काल समाधान कराया। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी और अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में अपनी शिकायतें रखीं। आईजी ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर थाना प्रभारी के आरोप की जांच कराने के निर्देश इस दौरान कुछ फरियादी अपने परिजनों को बिस्तर पर लिटाकर कोतवाली लेकर पहुंचे। उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए आईजी ने समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एक फरियादी ने नगर थाना प्रभारी पर पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आईजी ने एसपी कांबले शरण गोपीनाथ को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। सीएलजी बैठक में कानून-व्यवस्था पर चर्चा जनसुनवाई के बाद कोतवाली परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) की बैठक भी हुई। जिसमें सीएलजी सदस्यों ने शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और पुलिस-जन सहयोग जैसे मुद्दों पर अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं। जनसुनवाई और सीएलजी बैठक में एसपी कांबले शरण गोपीनाथ, एएसपी अखिलेश शर्मा, डीएसपी सीताराम बैरवा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।