डीग में जिला कलेक्टर मयंक मनीष के सख्त निर्देशों के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है। कलेक्टर ने मंगलवार को शहर का निरीक्षण कर गंदगी पर नाराजगी जताई थी और तत्काल सफाई के आदेश दिए थे, लेकिन 2 दिन बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। कलेक्टर मयंक मनीष ने मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और बाजार क्षेत्रों का सघन दौरा किया था। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने और शहर को स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने कहा था- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त उन्होंने नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह को विशेष रूप से कचरे के ढेर हटाने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने चेतावनी दी थी कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि कलेक्टर के निर्देशों के 2 दिन बाद भी शहर के कई मुख्य मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर अब भी मौजूद हैं। गंदगी के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था लंबे समय से खराब है। कचरा समय पर नहीं उठाए जाने से बदबू फैल रही है, जिससे बरसात के मौसम में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों ने नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कलेक्टर के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है।