डीग जिले की ग्राम पंचायत अवार में संचालित ग्रामीण सेवा शिविर का गुरुवार को संभागीय आयुक्त भरतपुर एवं प्रभारी सचिव डीग नलिनी कठोतिया ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के काउंटरों की कार्यप्रणाली, योजनाओं की प्रगति और कार्मिकों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्कूल और श्मशान के लिए पृथक भूमि आवंटन, लंबित प्रकरणों को तत्काल पोर्टल पर अपडेट करने, खाद्य सुरक्षा योजना का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने तथा ई-केवाईसी में तेजी लाने के निर्देश दिए। योजनाओं और काउंटरों की समीक्षा निरीक्षण के दौरान नलिनी कठोतिया ने शिविर में लगाए गए सभी विभागों के काउंटरों का अवलोकन किया और लोक-कल्याणकारी योजनाओं के तहत अब तक हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि ड्यूटी पर तैनात सभी विभागों के कार्मिक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन के कार्यों का समयबद्ध निस्तारण कर रहे हैं। रिकॉर्ड अपडेट करने और योजनाओं में तेजी के निर्देश संभागीय आयुक्त ने शिविर की दैनिक प्रगति रिपोर्ट का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारित और प्रक्रियाधीन सभी प्रकरणों को तत्काल पोर्टल एवं रिकॉर्ड में अपडेट किया जाए, ताकि प्रगति पारदर्शी रहे और लाभार्थियों को समय पर राहत मिल सके। खाद्य सुरक्षा योजना सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र परिवारों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने तथा ई-केवाईसी जैसी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्कूल और श्मशान के लिए अलग भूमि का होगा आवंटन ग्रामीण क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों का संज्ञान लेते हुए प्रभारी सचिव ने राजस्व अधिकारियों को स्कूल और श्मशान के लिए पृथक-पृथक भूमि का समयबद्ध आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से जुड़े भवन और भूमि संबंधी मुद्दों के स्थायी समाधान के लिए नए भवन निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उच्च स्तर पर भेजने को भी कहा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।