पंचायतीराज चुनाव के तहत डीग जिला परिषद और 3 पंचायत समितियों के चुनाव की तस्वीर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद साफ हो गई है। जिला परिषद के 29 वार्डों में 172 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति कामां, पहाड़ी और बृजनगर के 83 वार्डों में 385 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे। इस तरह जिला परिषद और तीनों पंचायत समितियों को मिलाकर कुल 557 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पंचायत समिति स्तर पर 3 महिला अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी विवरण के अनुसार, जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 255 अभ्यर्थियों ने 334 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान 87 नामांकन पत्र अस्वीकृत हुए और 28 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 219 वैध नामांकित अभ्यर्थी शेष रहे। निर्धारित समय में 47 अभ्यर्थियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इसके बाद अंतिम रूप से 172 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए। जिला परिषद के किसी भी वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है। पंचायत समितियों में 153 ने वापस लिए नाम कामां, पहाड़ी और बृजनगर पंचायत समितियों के कुल 83 वार्डों के लिए 600 अभ्यर्थियों ने 732 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान 144 नामांकन पत्र अस्वीकृत हुए और 47 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 541 वैध नामांकित अभ्यर्थी शेष रहे। नाम वापसी के दौरान 153 अभ्यर्थियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली, जबकि तीन अभ्यर्थी निर्विरोध रहे। इसके बाद तीनों पंचायत समितियों में कुल 385 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। 3 महिला अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचन संबंधी दस्तावेज के अनुसार, पंचायत समिति कामां के वार्ड 6 से मीना सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। वहीं, पंचायत समिति पहाड़ी के वार्ड 13 से अनीता और वार्ड 26 से सुखवंत कौर ने बिना मुकाबले जीत दर्ज की है। कामां में एक और पहाड़ी में 2 अभ्यर्थी निर्विरोध रहे हैं। बृजनगर पंचायत समिति में कोई भी अभ्यर्थी निर्विरोध नहीं हुआ है। नाम वापसी के बाद अब चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है और सभी संबंधित वार्डों में अंतिम उम्मीदवारों की संख्या निर्धारित हो गई है।