पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के लिए डीग जिले में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। स्वीप अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों, सरकारी कार्मिकों और आमजन को मतदान के लिए जागरूक किया गया। जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल अस्तावन, दिदावली, डाबक, सिरथला और तरोंडर सहित कई स्कूलों में मतदान की शपथ दिलाई गई। पीईईओ तमरेर के तहत भी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शपथ ली। कुम्हेर ब्लॉक के गुदावली में भी शपथ कार्यक्रम हुआ। कामां और पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने खुद मतदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। पंचायत समिति डीग के कार्मिकों ने हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने हस्ताक्षर कर निष्पक्ष और निर्भीक होकर मताधिकार का इस्तेमाल करने का संदेश दिया। धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी के लिए स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता गतिविधियां जारी हैं। इनका उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करना है।