डीग में पुलिस ने असामाजिक तत्वों, इनामी बदमाशों और विभिन्न मुकदमों में वांछित अपराधियों के खिलाफ एक विशेष एरिया डॉमीनेशन अभियान चलाया। इस एक दिवसीय अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर से लेकर कॉन्स्टेबल स्तर तक के कुल 155 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की 30 टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने जिलेभर में 114 स्थानों पर दबिश देकर व्यापक कार्रवाई की। पुलिस की इस सघन कार्रवाई में 57 अपराधियों के खिलाफ एक्शन लिया गया। इसमें गिरफ्तारी वारंट, स्थायी वारंट और धारा 335 बीएनएसएस के तहत वांछित 13 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, जघन्य अपराधों में वांछित 10 और सामान्य मामलों में वांछित 2 आरोपियों को भी पकड़ा गया। अन्य अधिनियमों के तहत एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शांति भंग की आशंका के चलते 31 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।