डीग रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। इस कायाकल्प पर लगभग 15.24 करोड़ रुपए की लागत आई है, जिससे स्टेशन आधुनिक और यात्री-अनुकूल सुविधाओं से लैस हो गया है। यह नया स्वरूप यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ डीग क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। आगरा मंडल के मथुरा-अलवर रेलखंड पर स्थित डीग रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में किया गया है। स्टेशन भवन का नवीनीकरण कर मुख्य प्रवेश और निकास द्वारों को नया रूप दिया गया है। प्लेटफॉर्म पर नए शेड लगाए गए हैं, आधुनिक बैठने की व्यवस्था की गई है और उच्च गुणवत्ता वाली प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य भी संपन्न हुआ है। यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाई गई यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल सूचना बोर्ड और अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किए गए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया गया है, साथ ही सुव्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय और स्वच्छ शौचालयों का भी विकास हुआ है। दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन को पूरी तरह दिव्यांगजन-अनुकूल बनाया गया है। इसमें टैक्टाइल पाथ, रैंप, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष पेयजल बूथ, व्हीलचेयर और समर्पित पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज भी निर्मित किया गया है। यात्रियों को सफर करने में होगी सुविधा आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीग रेलवे स्टेशन को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाया गया है। इस पुनर्विकास से यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक होगा। उन्होंने कहा कि इससे डीग के पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी सीधा लाभ मिलेगा। डीग रेलवे स्टेशन का यह कायाकल्प क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन आने वाले वर्षों में यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी लाभदायक साबित होगा।