डीग जिले के सीकरी कस्बे स्थित महात्मा गांधी गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में गुरुवार को स्टूडेंट्स ने स्कूल के मेन गेट पर ताला लगा दिया और स्कूल के अंदर किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया। स्टूडेंट्स का कहना है कि स्कूल में मेन सब्जेक्ट के 8 टीचर नहीं हैं। लगातार टीचर के ट्रांसफर होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी वजह से उन्होंने स्कूल गेट पर ताला लगाकर विरोध जताया। समय से पहले स्कूल पहुंचकर लगाया ताला स्कूल के प्रिंसिपल राकेश टांक ने बताया कि स्टूडेंट्स तय समय से पहले स्कूल पहुंच गए थे। इसके बाद उन्होंने स्कूल के मेन गेट पर ताला लगा दिया और किसी को भी स्कूल के अंदर नहीं जाने दिया। स्कूल के गेट पर ताला लगाए जाने की सूचना मिलने पर प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे। प्रिंसिपल राकेश टांक ने स्टूडेंट्स को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन स्टूडेंट्स अपनी मांग पर अड़े रहे और उन्होंने किसी की बात नहीं मानी। स्कूल में 8 टीचर की कमी, पढ़ाई पर असर स्टूडेंट्स का कहना है कि स्कूल में मेन सब्जेक्ट के टीचर लगातार कम होते जा रहे हैं। इससे पहले स्कूल में 6 टीचर की कमी थी। अब गणित और मैथ्स साइंस के दो टीचर का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। स्टूडेंट्स ने बताया कि अब स्कूल में कुल 8 टीचर की कमी हो गई है। ऐसे में पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि टीचर की कमी के कारण कई विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वे नियमित रूप से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। स्टूडेंट्स का कहना है कि स्कूल में मेन सब्जेक्ट के टीचर की व्यवस्था होने तक उनकी समस्या बनी रहेगी। इनपुट- उमेश बंसल, सीकरी, डीग