डीग में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती पर मंगलवार को जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह जिला मुख्यालय स्थित कचेहरी के समक्ष अम्बेडकर चौक पर हुआ। गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह और जिला कलेक्टर मयंक मनीष सहित अन्य अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके बाद, जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का पठन किया, जिसमें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के संकल्प को दोहराया गया। बाबा साहेब के योगदान को किया याद समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बेढ़म ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, विद्वत्ता और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपनी योग्यता के बल पर विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाई, जो आज की युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले के योगदान का भी स्मरण करते हुए शिक्षा को वंचित और पिछड़े वर्ग के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बताया। बेढ़म ने प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार के अवसर और सामाजिक सुरक्षा की पहलों को बाबा साहेब के उसी विजन का परिणाम बताया, जिसे उन्होंने संविधान सभा के माध्यम से देश को सौंपा था। उन्होंने सांस्कृतिक संरक्षण और आधुनिक विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। अंत में जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह ने अतिथियों और आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।