डीग शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 125 वाहनों के ऑनलाइन चालान किए गए। यह अभियान पुलिस निरीक्षक ट्रैफिक राम भरोसी मीणा के नेतृत्व में दोपहर करीब 12 बजे तक चला। चालान किए गए वाहनों में दोपहिया और चारपहिया दोनों तरह के वाहन शामिल थे, जिन्हें नो पार्किंग क्षेत्रों में खड़ा पाया गया था। पुलिस का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए यह कदम आवश्यक है। पुलिस निरीक्षक मीणा ने बताया कि कार्रवाई लोहा मंडी, नई सड़क, लक्ष्मण मंदिर क्षेत्र का बाजार, जिला अस्पताल के पास और गणेश मंदिर जैसे व्यस्त इलाकों में की गई। इन स्थानों पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस निरीक्षक राम भरोसी मीणा ने यह भी बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल लोचन सिंह, वीर विक्रम सिंह और कॉन्स्टेबल लखन सिंह भी टीम में शामिल रहे।