डीग शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन सवारों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर मॉडिफाइड साइलेंसर, काली फिल्म और बिना नंबर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष जांच की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को गणेश मंदिर के पास ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। दस्तावेज और नंबर प्लेट की जांच ट्रैफिक प्रभारी भरत सिंह के नेतृत्व में टीम ने सड़क से गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, नंबर प्लेट और वाहनों में किए गए बदलावों की जांच की। इस दौरान तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, शीशों पर लगी काली फिल्म और बिना नंबर वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया। नियमों के खिलाफ बदलाव नहीं करने की अपील कार्रवाई के साथ ट्रैफिक पुलिस ने वाहन सवारों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने अपील की कि वाहन में कंपनी के तय मानकों के खिलाफ कोई बदलाव न कराएं। साथ ही सही नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाएं और नियमों के खिलाफ शीशों पर काली फिल्म का इस्तेमाल न करें। आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई ट्रैफिक प्रभारी भरत सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियम तोड़ने वाले वाहन सवारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट समेत जरूरी सुरक्षा नियमों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।