डीग के गांव घरवारी के जंगल क्षेत्र में सोमवार दोपहर हाई टेंशन बिजली लाइन में स्पार्किंग होने से भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब डेढ़ बीघा में खड़ी गेहूं की फसल और आसपास के 8 से 9 बीघा क्षेत्र में पड़ा भूसा जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। लौंगा पुत्री नारायण के खेत में खड़ी तैयार गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने में सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे और अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया। तहसीलदार डीग जुगिता मीणा ने बताया कि आग लौंगा पुत्री नारायण के खेत में लगी थी। प्रभावित किसान लौंगा ने प्रशासन से नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है। तहसीलदार ने मामले की जांच और नुकसान का आकलन करने के लिए हल्का पटवारी जयराम को मौके पर भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हाई टेंशन लाइनों की समय-समय पर जांच और रखरखाव नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाता है।