दिल्ली में अब लोग शराब की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DSIIDC) ने ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ नाम से एक एप शुरू किया है। इसके जरिए ग्राहक अपनी पसंद की शराब का ब्रांड और उसकी उपलब्धता देखकर बुकिंग कर सकते हैं। इस एप से दिल्ली के करीब 208 रिटेल स्टोर जुड़े हैं। हालांकि, शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ऑनलाइन पेमेंट करने के बाद ग्राहकों को 48 घंटे के भीतर खुद उस दुकान पर जाकर शराब लेनी होगी, जहां पर उन्होंने बुकिंग की है। दिल्ली के अलावा तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी शराब की ऑनलाइन बुकिंग या डिलीवरी से जुड़ी व्यवस्थाएं रही हैं। तमिलनाडु में ऑनलाइन बुकिंग और पेमेंट के बाद दुकान से शराब लेने की सुविधा है। पश्चिम बंगाल में मई 2020 में ऑनलाइन ऑर्डर और होम डिलीवरी की व्यवस्था शुरू की गई थी। बुकिंग के बाद दुकान पर दिखाना होगा QR कोड अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में एप शुरू करने का मकसद शराब की दुकानों पर भीड़ और इंतजार कम करना है। इससे पेमेंट काउंटर पर दबाव घटेगा और कीमतों व बिलिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी। एप पर ग्राहक उपलब्ध ब्रांड देख सकते हैं और अपनी पसंद की दुकान चुन सकते हैं। इसके बाद बोतल का साइज और मात्रा तय करके ऑनलाइन पेमेंट करना होगा। बुकिंग पूरी होने पर एक QR कोड मिलेगा। दुकान पर इस कोड को स्कैन कराने के बाद ग्राहक अपना ऑर्डर ले सकेंगे। एप में दुकानों की लोकेशन भी देखी जा सकती है। इससे ग्राहकों को पता चल सकेगा कि उनकी पसंद का ब्रांड किस दुकान पर उपलब्ध है। 25 साल से कम उम्र के लोग नहीं कर सकेंगे बुकिंग अधिकारियों के अनुसार, एप से शराब बुक करने के लिए ग्राहक की उम्र कम से कम 25 साल होनी चाहिए। एक व्यक्ति अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीद सकता है। एप पर ग्राहक अपनी पसंद का ब्रांड, दुकान, बोतल का साइज और मात्रा चुन सकते हैं। ऑनलाइन पेमेंट के बाद मिलने वाले QR कोड के जरिए दुकान से ऑर्डर लिया जा सकेगा। ऑर्डर लेने से पहले ग्राहक बुकिंग कैंसिल भी कर सकते हैं। लेकिन एक बार शराब बिक जाने या दुकान से ले जाने के बाद उसे वापस करने का प्रावधान नहीं है। ---------------- ये खबर भी पढ़ें... भोपाल में शराब की 'होम डिलीवरी' करते पकड़ा:किचन में तलघर बनाकर छिपा रखी थी 142 बोतल भोपाल में शराब की 'होम डिलीवरी' करने वाले को आबकारी विभाग ने पकड़ा है। वह पुराने लाइसेंसियों से कम कीमत पर ब्रांडेड शराब खरीदता और उसे ज्यादा कीमत पर होम डिलीवरी कर देता। पूरी खबर पढ़ें...