दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। बुर्जा के पास एक पिकअप आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। इस दुर्घटना में पिकअप में सवार एक ही परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पिकअप में 12 लोग सवार थे जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम (हरियाणा) के वजगेड़ा गांव का एक परिवार मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहा था। वे पिकअप गाड़ी से अपने गांव जा रहे थे। पिकअप में कुल 12 लोग सवार थे। आगे चल रहे वाहन से टकराई गाड़ी हादसे के वक्त परिवार के ज्यादातर सदस्य गाड़ी के पिछले हिस्से में सो रहे थे। गाड़ी बुजुर्ग नानक चंद का बेटा चला रहा था। शाम करीब 5 बजे बुर्जा के पास पिकअप अचानक आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को बड़ौदा मेव के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया। ये रहे मौजूद दुर्घटना में पूनम (30) पत्नी महेंद्र, राजवती (25) पत्नी राकेश, कुसुम (35) पत्नी नरेश, सुमित्रा (55) पत्नी नानक चंद, नानक चंद पुत्र सुल्लड़ सिंह और मुकेश (13) पुत्र महेंद्र घायल हुए हैं। पूनम, राजवती, कुसुम और 13 वर्षीय मुकेश की हालत गंभीर है, इसलिए उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।