राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण बस-ट्रक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। हादसे में पति-पत्नी और उनकी एक बेटी की मौत मंगलवार को हो गई थी। वहीं घायल ड्राइवर-कंडक्टर की आज मौत हो गई है। बता दें कि उज्जैन से दिल्ली जा रही बस मंगलवार सुबह करीब 6 बजे केमिकल से भरे खड़े ट्रक में जा घुसी थी। टक्कर पिनान के चैनल नंबर-100 इंटरचेंज पुलिया के पास हुआ था। हादसे में घायल 30 लोगों में से 12 को अलवर और 2 को जयपुर रैफर किया गया था। जयपुर भेजे गए दो घायलों कंडक्टर नीर (21) निवासी इटावा (यूपी) और ड्राइवर मक्खन सिंह (38) निवासी रघुवीरपुरा, झुंझुनूं की मौत हो गई। राजगढ़ पुलिस ने जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। बाकी घायलों का इलाज राजगढ़, रैणी, अलवर और जयपुर के हॉस्पिटलों में जारी है। यात्रियों का आरोप है कि बस की रफ्तार तेज थी और ड्राइवर को झपकी आ रही थी। इसके बावजूद वह बस चला रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। --- ये खबर भी पढ़िए- ट्रक में घुसी स्लीपर बस, पति-पत्नी और बेटी की मौत:2 साल की बेटी बार-बार मां को याद कर रही, SHO खिलाने की कोशिश करते रहे राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए बस-ट्रक की टक्कर में पति-पत्नी और उनकी 8 साल की बेटी की मौत हो गई। (पढ़िए पूरी खबर)