चूरू | जिले में सार्वजनिक निर्माण विभाग में कार्यरत इंजीनियर्स ने ड्यूटी के दौरान हो रही हिंसा, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा से सुरक्षा प्रदान करने के लिए राज्य में इंजीनियर प्रोटेक्शन एक्ट बनाने की मांग की है। इसे लेकर इंजीनियरों के प्रतिनिधि मंडल ने पीडब्ल्यूडी एसई भीमसेन स्वामी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर सीएम के नाम एडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में हाल ही में अजमेर, जयपुर और डीग में अभियंताओं के साथ हुई मारपीट व दुर्व्यवहार की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। अभियंताओं ने तर्क दिया कि जिस प्रकार राज्य सरकार ने चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा के लिए मेडिकेयर प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया है, उसी तर्ज पर अभियंताओं के लिए भी विशेष सुरक्षा कानून बनाएं। ज्ञापन में राजस्थान इंजीनियर्स एवं टेक्निकल ऑफिसर्स प्रोटेक्शन एक्ट या समान प्रभावी विशेष कानून लागू करने, ड्यूटी के दौरान हिंसा या अभद्र व्यवहार पर त्वरित एफआईआर दर्ज कर समयबद्ध कानूनी कार्रवाई करने, राज्य स्तर पर इंजीनियर्स प्रोटेक्शन कमेटी का गठन करने आदि की मांग की गई। प्रतिनिधि मंडल में सुजानगढ़ एक्सईएन धीरज कुमार, राजगढ़ एक्सईएन बुद्धराम मीना, चूरू एक्सईएन रेणु सहारण, चूरू सिटी एईएन विकास आदि शामिल थे।