भास्कर न्यूज | बाड़मेर राजस्थान बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ की जिला इकाई बाड़मेर के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को सरहदी दौरे पर पहुंचे सांसद हनुमान बेनीवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पीटीआई भर्ती-2026 में रिक्त पद जोड़कर पद बढ़ाने की मांग रखी। ग्रेड-3 भर्ती की नई परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग की। ग्रेड-2 पीटीआई भर्ती जल्द जारी करने की मांग की। संघ ने बताया कि प्रदेश के लाखों प्रशिक्षित युवा लंबे समय से शारीरिक शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। वर्तमान में घोषित पद रिक्त पदों और अभ्यर्थियों की संख्या के मुकाबले बहुत कम हैं। राज्य के कई स्कूल क्रमोन्नत हो चुके हैं। हजारों पद सेवानिवृत्ति से खाली हैं। स्कूलों में बेहतर खेल शिक्षा के लिए पर्याप्त शारीरिक शिक्षक जरूरी हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि ग्रेड-3 पीटीआई भर्ती-2026 में सभी रिक्त पद शामिल किए जाएं। कुल पदों की संख्या कम से कम 5000 से अधिक की जाए। ग्रेड-3 भर्ती की नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित हो। करीब पांच साल से लंबित ग्रेड-2 शारीरिक शिक्षक भर्ती भी तुरंत शुरू हो। नरेंद्र चौधरी व खेमी ने बताया कि पद बढ़ाने को लेकर प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन व ज्ञापन अभियान चल रहा है। अशोक गोदारा ने कहा कि हर जिला मुख्यालय पर लगातार ज्ञापन देकर सरकार का ध्यान खींचा गया। अब तक कोई ठोस फैसला नहीं हुआ। उन्होंने सांसद बेनीवाल से मुद्दा सरकार के सामने मजबूती से उठाने का आग्रह किया। खीयाराम जाट गोसाई, रतेऊ, खेमी, पप्पू, ज्योति, मदन, भागीरथ सहित बड़ी संख्या में पीटीआई अभ्यर्थी मौजूद रहे।