अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष भंवरलाल गर्ग के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, वन एवं पर्यावरण मंत्री व अतिरिक्त मुख्य सचिव के नाम दो ज्ञापन सौंपे। पहले ज्ञापन में खनन माफियाओं के हमलों से वनकर्मियों की सुरक्षा, उन्हें हथियार व संसाधन उपलब्ध कराने और शहीद कार्मिकों के परिजनों को सहायता की मांग की गई। वहीं दूसरे ज्ञापन में समर्पित उपार्जित अवकाश के नगदीकरण तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीपीएफ, राज्य बीमा, पेंशन व कम्यूटेशन के लंबित परिलाभों के त्वरित भुगतान की मांग उठाई गई। महासंघ ने तीन दिन में भुगतान न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। इसके तहत चुनावी प्रशिक्षण में भोजन बहिष्कार, मतदान दिवस पर उपवास तथा 6 नवंबर को धनतेरस पर काली दीपावली मनाई जाएगी। संघ के जिलाध्यक्ष जोगराजसिंह भाटी, सवाईराम, महावीरसिंह, तखतसिंह, चंदनाराम व प्रीतम कुमार आदि मौजूद रहे।