ब्लॉक क्षेत्र के मां बाड़ी और डे-केयर केंद्रों में काम कर रहे मां बाड़ी शिक्षा सहयोगी संघ ने मंगलवार को एडीएम और स्वच्छ परियोजना अधिकारी शाहबाद के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने जून माह का बकाया मानदेय जल्द दिलाने की मांग रखी। संघ का नेतृत्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र दीवान ने किया। ज्ञापन में कहा गया कि स्वच्छ परियोजना के तहत काम कर रहे मां बाड़ी शिक्षा सहयोगियों को जून का मानदेय अब तक नहीं मिला है। इससे शिक्षा सहयोगियों को आर्थिक परेशानी हो रही है। संघ ने बकाया मानदेय का भुगतान जल्द कराने की मांग की। संघ ने निर्माणाधीन कक्षा कक्षों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में बताया गया कि गांवों और बस्तियों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। कहीं निर्माण में सीमेंट कम लगने की बात सामने आई है तो कहीं नींव कमजोर बताई गई है। कई भवनों में बारिश का पानी टपकने की शिकायत है। संघ ने कहा कि ऐसी हालत में बच्चों को इन भवनों में बैठाना उनकी सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर जरूरी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही मां बाड़ी शिक्षा सहयोगियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित कराने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन देने वालों में राजेंद्र दीवान, ब्लॉक अध्यक्ष सोनू, संजय, हरिओम, अजय, गुरदीप सहित अन्य शिक्षा सहयोगी शामिल थे।