ब्यावर| शहर के फतेहपुरिया चौक क्षेत्र में बिछाई जा रही नई 11 केवी बिजली लाइन को ओवरहेड के बजाय अंडरग्राउंड केबल से बिछाने की मांग उठी है। क्षेत्रवासियों ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड सीएसडी प्रथम के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रवासियों ने बताया कि फतेहपुरिया चौक में नई 11 केवी लाइन बिछाई जा रही है। इलाका घनी आबादी वाला है। यहां रोज बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थी, वाहन आते-जाते हैं, पास में ही मंदिर और स्कूल है। ऐसे में खुली ओवरहेड लाइन से आगे हादसों की आशंका रहेगी। उन्होंने बताया कि कुछ दूरी तक लाइन अंडरग्राउंड डाली गई है। सहायक अभियंता की अनुपस्थिति में राजस्व अधिकारी ने ज्ञापन लिया। इस दौरान पूर्व पार्षद ललिता सिंगारिया, विक्रम सिंह, पदम सिंह, कमल सिंह, अनिल सिंह, राजकुमार, महेन्द्र सिंह, लक्ष्मी देवी, मंजू देवी, कपिल सिंह, प्रदीप, प्रवीण सिंह सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।