बाड़मेर | बाड़मेर में ढाढ़ी मिरासी समुदाय के युवा प्रदेश अध्यक्ष स्वरूप सिंवल ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार की ओर से समुदाय कल्याण के लिए स्वीकृत 20 करोड़ के बजट व योजनाओं को मौजूदा भाजपा सरकार ने नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने कहा कि बजट पर अमल नहीं होने से गरीब विद्यार्थियों की पढ़ाई और कोचिंग से जुड़ी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। सिंवल के अनुसार अनुप्रति छात्रवृत्ति योजना के लिए पोर्टल तो बनाया गया है, लेकिन मीरासी समुदाय के छात्रों को सीटें आवंटित नहीं की जा रही। उन्होंने इसे तकनीकी प्रक्रियाओं के जरिए लाभ रोकने का प्रयास बताया। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार ने चार छात्रावासों की घोषणा की थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद अब तक किसी छात्रावास का निर्माण या संचालन शुरू नहीं हुआ। सिंवल ने बजट बहाल करने, अनुप्रति योजना में कोटा स्पष्ट करने और छात्रावासों का काम शुरू करने की मांग की।