अछनेरा रोड की प्रस्तावित चौड़ाई को कम करने की मांग को लेकर पक्का बाग, बृज नगर, लक्ष्मी नगर एवं बछामदी क्षेत्र के लोगों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि एमएसजे कॉलेज से पक्का बाग तक सड़क की चौड़ाई 14 मीटर निर्धारित की जाए। ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने बताया कि 27 अप्रैल को प्रशासन द्वारा बछामदी की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई संतुलित एवं उचित तरीके से नहीं की गई। आरोप लगाया गया कि एक तरफ 80 फीट तक मकान एवं दुकानों को तोड़ा गया, जबकि दूसरी ओर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे कई गरीब परिवार बेघर हो गए हैं और उनके सामने रहने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर से मांग की कि प्रभावित गरीब परिवारों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया में समानता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने एसडीएम भरतपुर भारती गुप्ता को निर्देश दिए कि हुई तोड़फोड़ की दोबारा नाप कराई जाए। साथ ही एमएसजे कॉलेज से पक्का बाग तक सड़क चौड़ाई के विषय में एडीएम सिटी राहुल सैनी के साथ चर्चा कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस मौके पूर्व पार्षद रामेश्वर सैनी, देवेंद्र सोलंकी, लेखराज खुशाल सैनी टीटू सैनी, लाट साहब, घुरेलाल, जेके सिंह हकीम राणा, कपिल शर्मा, जेपी शर्मा, लोटन, बदन सिंह, देशपाल राजू कश्यप, श्याम सिंह, लक्ष्मण सोलंकी आदि रहे।