जगतपुरा स्थित महाराजा सवाई भवानी सिंह विद्यालय में मंगलवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने स्टूडेंट्स से मुलाकात की और बच्चों से संवाद किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या वैदेही सिंह, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत के साथ हुई, जिसमें विद्यालय के संस्कारों और मूल्यों की सुंदर झलक देखने को मिली। अपने दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने छात्र परिषद के साथ संवाद किया और विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यालय में उद्यमिता कौशल, सामुदायिक सेवा, कौशल विकास, छात्र स्टार्टअप परियोजनाओं और कला शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की। उनके अनुसार ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से ही नहीं बल्कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों की ओर से एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कथक नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपमुख्यमंत्री ने इस प्रस्तुति की खुले दिल से सराहना की और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास तथा प्रतिभा की प्रशंसा की। दीया कुमारी ने विद्यार्थियों को जीवन में मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल पढ़ाई से ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच से भी प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़ों का सम्मान करने, मजबूत चरित्र निर्माण करने और अपने लक्ष्यों को पाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने छात्रों से कहा कि वे जिम्मेदार नागरिक बनें और देश और समाज के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि दिल और दिमाग का संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छता, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी हैं।